अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित सालाना व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान शनिवार शाम फायरिंग की घटना सामने आई। इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर फायरिंग की, जबकि राष्ट्रपति और अन्य मेहमान अंदर मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को काबू कर लिया। शुरुआती खबरों में हमलावर के मारे जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि हुई।
घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह अमेरिका के संविधान पर हमला है। उन्होंने सीक्रेट सर्विस की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तेजी और बहादुरी से उनकी जान बच सकी। उन्होंने यह भी बताया कि एक सुरक्षाकर्मी को गोली लगी, लेकिन वह बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से सुरक्षित है।
चश्मदीदों के अनुसार, फायरिंग के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने मेजों के नीचे छिपकर खुद को सुरक्षित किया। सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और राष्ट्रपति समेत सभी वीआईपी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह कार्यक्रम व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया जाता है, जिसमें हर साल मीडिया और राजनीति से जुड़े बड़े चेहरे शामिल होते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान भी ट्रम्प पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन