Sutralok / Wed, Apr 29, 2026
उत्तर प्रदेश को आज एक बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में इस एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार से भी जोड़ा जाएगा, जिससे कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये दल विकास और नारी विरोधी हैं। हाल ही में संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन के खिलाफ इनका रुख देश ने देखा है।
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में चल रही दूसरे चरण की वोटिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां से जो खबरें आ रही हैं, उससे साफ है कि भारी मतदान हो रहा है और ऐसी वोटिंग दशकों में नहीं देखी गई।
उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने एक्सप्रेस-वे के किनारे पौधारोपण किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पैदल निरीक्षण भी किया।
594 किलोमीटर लंबा यह गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। इसके बनने से अब मेरठ से प्रयागराज का सफर महज 6 घंटे में पूरा हो सकेगा, जबकि पहले इसमें 11 से 12 घंटे लगते थे।
करीब 37,350 करोड़ रुपये की लागत से बना यह एक्सप्रेस-वे 5 साल में तैयार हुआ है। इस हिसाब से प्रति किलोमीटर इसकी औसत लागत करीब 62 करोड़ 87 लाख रुपये बैठती है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही 18 दिसंबर 2021 को शाहजहांपुर में इस परियोजना का शिलान्यास किया था। इससे पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, जिसकी लंबाई 340 किलोमीटर है, प्रदेश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे था।
विज्ञापन
विज्ञापन